गाजीपुर। पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर के अवसर पर छत्तीसगढ़ में वीरगति को प्राप्त स्व. जयप्रकाश की स्मृति में गाजीपुर जनपद में शिक्षा प्राप्त स्कूलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि ग्राम बाराचवर थाना करीमुद्दीनपुर निवासी जयप्रकाश पुत्र श्री प्रेमचंद पासवान ‘बी’ कंपनी कैंप चोलनार जिला दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ में तैनाती के दौरान नक्सलियों से लोहा लेते हुए दिनांक 13 अप्रैल 2015 में वीरगति को प्राप्त हो गए थे। ‘वीरता’ एवं ‘देशप्रेम’ की भावना को देखते हुए पुलिस स्मृति दिवस पर शिक्षा प्राप्त स्कूल प्राथमिक विद्यालय बाराचवर और किसान इंटर कॉलेज जवाहर नगर गाजीपुर उत्तर प्रदेश में शहीद स्व. जयप्रकाश की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
स्व. जयप्रकाश ने प्राथमिक विद्यालय बाराचवर में 5वीं से 8वीं तक की शिक्षा प्राप्त की थी। वहीं किसान इंटर कॉलेज से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। कांस्टेबल विपिन यादव छत्तीसगढ़ पुलिस बल की ओर से इस कार्यक्रम के लिए विशेष रुप से नामित किए गए थे। विपिन यादव ने बताया कि पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है ताकि हमारे शहीद जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके। इस अवसर पर शहीद स्व. जयप्रकाश के परिजनों के अलावा स्थानीय निवासियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत किया।
शहीद आरक्षक स्व.जयप्रकाश की स्मृति में हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन
