राज्य सरकार ने प्रस्तुत किया 4 लाख 21 हजार 32 करोड़ रुपए का बजट
वर्ष 2003-04 की तुलना में 21 गुना बड़ा है वर्ष 2025-26 का बजट
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गावं, गरीब सहित सभी वर्गों के लिए व्यवस्थित योजना के माध्यम से मध्य प्रदेश विकास और जनकल्याण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार विकसित मध्य प्रदेश के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। राज्य का बजट 2025-26 इसी संकल्प की प्राप्ति की ओर दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मध्य प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। बुधवार (12 मार्च) को राज्य सरकार ने पहली बार 4 लाख 21 हजार 32 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। यह बजट प्रावधान विगत वर्ष 2024-25 की अपेक्षाकृत 15 प्रतिशत अधिक है। इतने बड़े बजट के बाद भी कोई टैक्स नहीं लगाया गया है और न ही कोई कटोती की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव विधान सभा में प्रस्तुत प्रदेश के वर्ष 2025-26 के बजट के संबंध में विधान सभा परिसर में मीडिया से चर्चा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई सरकार बनते ही अगले 5 साल में बजट को दोगुना करने का लक्ष्य तय कर लिया गया था। वर्ष 2025-26 का बजट इसी दिशा में अनुकरणीय प्रयास है। इस बजट में राज्य के गरीब, किसान, युवा और महिला (ज्ञान) सहित सभी वर्गों की बेहतरी के संकल्प को पूरा किया गया है। सभी क्षेत्रों में विकास के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 1956 में मध्यप्र देश का गठन हुआ, लेकिन वर्ष 2003-04 तक मात्र 20 हजार करोड़ का बजट था, अब इसे 21 गुना बढ़ाते हुए 4 लाख 21 हजार 32 करोड़ रुपए तक पहुंचे हैं। यह दर्शाता है कि मध्यप्रदेश को अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। मध्य प्रदेश, भारत के सभी राज्यों में सबसे तेज गति से बढ़ने वाला प्रदेश है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा का सर्वव्यापक, सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी बजट प्रस्तुत कने के लिए अभिनंदन करते हुए कहा कि वर्ष 2025 का यह बजट मध्य प्रदेश की आशाओं, आकांक्षाओं का बजट है। राज्य सरकार अपने सभी संकल्पों को पूरा करने की ओर निरंतर आगे बढ़ रही है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2047 तक 2 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 250 लाख करोड़) बनाना है। यह केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, अपितु प्रदेश की जनता की जिंदगी बदलने वाला बजट है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्पों के आधार पर राज्य सरकार का यह दूरदर्शी बजट सशक्त- समृद्ध- शक्तिशाली और खुशहाल मध्य प्रदेश बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यह बजट जनकल्याण और सुशासन के साथ प्रदेश में विकास को गति प्रदान करेगा। गरीबों को मजबूत बनाएगा और प्रदेश के युवाओं के लिए बेहतर भविष्यी का सृजन करेगा। बजट में महिलाओं, गरीब, किसान, अनुसूचित जाति तथा वंचित वर्गों को सशक्त। बनाने के लिए विशेष कदम उठाए गये हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बजट के लिए प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।